बीज गणेश निर्माण — “विघ्नहर्ता से प्रकृति संरक्षण” कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न
नेचर क्लब, जय नारायण कॉलेज ऑफ़ टेक्नोलॉजी, भोपाल द्वारा आयोजित “बीज गणेश निर्माण कार्यशाला” सफलतापूर्वक संपन्न हुई । इस अनूठी पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमा बनाने के लिए प्रेरित करना और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था ।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ प्राकृतिक मिट्टी से गणेश जी की प्रतिमाएं बनाना सीखा । मिट्टी से निर्मित ये प्रतिमाएं पर्यावरण और जलस्रोतों पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को कम करने की दिशा में एक सुंदर एवं सार्थक पहल हैं, जबकि POP (Plaster of Paris) से बनी प्रतिमाएं विसर्जन के दौरान पर्यावरण एवं जल निकायों के लिए हानिकारक हो सकती हैं ।
इस कार्यशाला की सबसे खास बात रही बीज गणेश—इन प्रतिमाओं में बीज समाहित किए गए हैं, ताकि गणेश चतुर्थी के पश्चात अनंत चतुर्दशी के दिन परंपरा अनुसार विसर्जन करने के बाद मिट्टी में मौजूद बीज अंकुरित होकर एक नए पौधे का रूप ले सकें । यह पहल “विघ्नहर्ता से प्रकृति संरक्षण” की सुंदर अवधारणा को साकार करती है ।
विद्यार्थियों की रचनात्मकता, उत्साह और प्रकृति के प्रति उनका प्रेम इस कार्यशाला की सबसे बड़ी सफलता रही । आइए, इस गणेश चतुर्थी परंपरा के साथ प्रकृति की रक्षा का संकल्प लें ।
गणपति बप्पा मोरया !
प्रकृति बचाओ, पर्यावरण सजाओ !





